

पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था और न्यायपूर्ण पीएलआई की मांग को लेकर कर्मचारी-अधिकारी रहे हड़ताल पर

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और लाभ आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) नीति में समानता की मांग को लेकर बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुख्य शाखा समेत जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में बैंकिंग कार्य प्रभावित रहा।
बड़ी संख्या में कर्मचारियों और अधिकारियों ने हड़ताल में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। इस दौरान बैंक संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि सीमित कर्मचारियों के बीच लगातार बढ़ते कार्यभार के बावजूद बैंककर्मी ग्राहक सेवा, डिजिटल बैंकिंग, व्यवसाय वृद्धि और अन्य जरूरी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी लंबित मांगों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ सभी बैंक कर्मचारियों के लिए न्यायपूर्ण और समान पीएलआई व्यवस्था लागू करने की मांग की। पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
कालीन कारोबार पर पड़ा सीधा असर
भदोही में बैंक हड़ताल का असर कालीन कारोबार पर भी दिखाई दिया। अखिल भारतीय कालीन निर्माता संघ (एकमा) के अध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कालीन उद्योग में कच्चे माल के आयात से लेकर तैयार कालीनों के निर्यात और विदेशी भुगतान तक बैंकिंग व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने बताया कि बैंक हड़ताल के चलते कालीन नगरी में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विदेशी लेन-देन के प्रभावित होने का अनुमान है। बैंकिंग सेवाएं बाधित होने से निर्यातकों के भुगतान, आयात संबंधी प्रक्रिया और अन्य कारोबारी लेन-देन पर असर पड़ता है।
उमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि बैंक हड़ताल यदि लंबे समय तक जारी रहती है तो इसका कालीन कारोबार पर दूरगामी प्रभाव पड़ सकता है। भदोही का कालीन उद्योग बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी कारोबारियों से जुड़ा है, इसलिए बैंकिंग सेवाओं में व्यवधान का सीधा असर पूरे व्यापारिक चक्र पर पड़ता है।
बैंक संगठनों के अनुसार वाराणसी अंचल के अलावा आसपास के अन्य जिलों में भी कर्मचारियों और अधिकारियों ने हड़ताल में भाग लिया। पदाधिकारियों ने हड़ताल को सफल बताते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन को मजबूत करने की बात कही।