

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश असीम अली उर्फ विक्की को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई जिले के जगदीशपुर गांव के पास हुई, जहां STF की टीम और बदमाश के बीच आमना-सामना हुआ। मुठभेड़ के दौरान असीम अली गंभीर रूप से घायल हुआ और मौके पर उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, असीम अली उर्फ विक्की कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र स्थित धुरैया गांव का निवासी था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे। लंबे समय से फरार चल रहे असीम पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश कई जिलों की पुलिस के साथ STF भी कर रही थी।
गोपनीय सूचना के आधार पर STF ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। घटना के बाद मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
STF की इस कार्रवाई को प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।