Editor

कार्पेट एक्सपो मेला फिदा हुए विदेशी ग्राहक, तीन दिन में पहुंचे 212 विदेशी आयातक

Hamari sevaye

231 बाइंग रिप्रेजेंटेटिव्स ने भी देखे कालीनों के नए संग्रह, सीईपीसी और वॉलमार्ट वृद्धि के बीच हुआ समझौता

VK Finance

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

भदोही। कारपेट एक्सपो मार्ट में चल रहे 50वें गोल्डन जुबली इंडिया कार्पेट एक्सपो को विदेशी खरीदारों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। एक्सपो के पहले तीन दिनों में दुनिया के अलग-अलग देशों से 212 से अधिक विदेशी खरीदार और 231 बाइंग रिप्रेजेंटेटिव्स पहुंचे। खरीदारों ने भदोही समेत देशभर के निर्यातकों के नए डिजाइन, रंग और गुणवत्ता वाले हस्तनिर्मित कालीनों में रुचि दिखाई।

चार दिवसीय एक्सपो का उद्घाटन चार अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। एक्सपो का यह 50वां संस्करण पांचवीं बार भदोही में आयोजित हो रहा है। इसमें हस्तनिर्मित कालीन और अन्य फ्लोर कवरिंग के नए संग्रह प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें बदलते अंतरराष्ट्रीय बाजार को ध्यान में रखते हुए नए आकार, डिजाइन, रंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है।

अमेरिका और यूरोप से पहुंचे खरीदार

एक्सपो में अमेरिका, ब्रिटेन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और यूरोप के विभिन्न देशों से खरीदार पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शित कालीनों और फ्लोर कवरिंग की विविधता की जानकारी ली। खरीदारों ने एक्सपो में की गई व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की भी सराहना की।

सीईपीसी और वॉलमार्ट वृद्धि के बीच हुआ समझौता

कालीन निर्यातकों की क्षमता और बाजार तक पहुंच बढ़ाने के लिए कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) और वॉलमार्ट वृद्धि के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान वॉलमार्ट वृद्धि के एसोसिएट डायरेक्टर आदित्य वर्मा ने सदस्यों को संस्था की ओर से उपलब्ध कार्यक्रमों, प्रशिक्षण और कारोबार बढ़ाने के अवसरों की जानकारी दी।

सीईपीसी के अनुसार, इस समझौते से कालीन क्षेत्र से जुड़े छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को कारोबार की जानकारी, क्षमता बढ़ाने और बाजार की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी। इससे भारतीय हस्तनिर्मित कालीनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप तैयार करने में भी सहयोग मिलने की उम्मीद है।

पूर्व पदाधिकारियों को किया सम्मानित

गोल्डन जुबली एक्सपो के दौरान सीईपीसी के पूर्व अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और प्रशासन समिति (COA) के पूर्व सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। पूर्व COA सदस्यों उमेश कुमार गुप्ता, ओंकार नाथ मिश्रा, इश्तियाक अहमद खान, भरत लाल मौर्य, घनश्याम शुक्ला, अशफाक अहमद अंसारी, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, राम मौर्य, शिवशंकर मिश्रा, फिरोज वजीरी और नसरुद्दीन को ट्रॉफी प्रदान की गई।

इस मौके पर सम्मानित सदस्यों ने कालीन उद्योग और इंडिया कार्पेट एक्सपो से जुड़े अपने पुराने अनुभव भी साझा किए।

युवा और महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने पर जोर

सीईपीसी के अध्यक्ष कैप्टन मुकेश कुमार गोम्बर ने कहा कि कालीन उद्योग में नए डिजाइन, बेहतर उत्पाद और पर्यावरण अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवा और महिला उद्यमियों को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।

सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य रोहित गुप्ता ने एक्सपो को मिल रही प्रतिक्रिया पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन भी विदेशी खरीदारों के आने से निर्यातकों को कारोबार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

विदेशी खरीदारों की भागीदारी और नए संग्रह को मिली प्रतिक्रिया से कालीन निर्यातकों में उत्साह है। 50वें गोल्डन जुबली इंडिया कार्पेट एक्सपो को भदोही के हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment