

2 सितंबर को कारपेट भवन में होगा जागरूकता सेमिनार

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। कारपेट निर्यातकों को जीसीसी और सीपीएससी की नई ई-फाइलिंग व्यवस्था की जानकारी देने के लिए 2 सितंबर को जागरूकता सेमिनार आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम शाम चार बजे मर्यादपट्टी स्थित कारपेट भवन में होगा।
ऑल इंडिया कारपेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के अनुसार, सेमिनार का आयोजन इंटरटेक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, गुरुग्राम की ओर से किया जा रहा है।
इसमें निर्यातकों को नए नियमों, जरूरी कागजी प्रक्रिया और ई-फाइलिंग के बारे में जानकारी दी जाएगी।
सेमिनार में कारपेट उत्पादों की टेस्टिंग, जीसीसी और सीपीएससी ई-फाइलिंग सहित निर्यात से जुड़े अन्य जरूरी नियमों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही निर्यातक अपनी समस्याएं और सवाल विशेषज्ञों के सामने रख सकेंगे।
एकमा ने सभी कारपेट निर्यातकों और एसोसिएशन के सदस्यों से सेमिनार में शामिल होकर नई व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की है।