Editor

चौरी में आस्था का प्रतीक सदियों पुराना नीम गिरा, भदोही-वाराणसी मार्ग पर लगा लंबा जाम

Hamari sevaye

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

VK Finance

चौरी (भदोही)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार देर रात करीब एक बजे चौरी बाजार स्थित तिराहे के पास शिव-हनुमान मंदिर परिसर में लगा विशाल नीम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। देर रात घटना होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन शुक्रवार सुबह पेड़ सड़क पर गिरा होने से भदोही-वाराणसी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सुबह सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे वाहनों को पुलिस चौकी वाले रास्ते से वाराणसी की ओर निकाला गया, जबकि बड़े वाहन सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ पेड़ हटाने का काम शुरू कराया। ब्लेड मशीन की मदद से पेड़ की डालियों और तने को काटकर सड़क से हटाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब ढाई बजे पेड़ को पूरी तरह हटाया जा सका, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।
इस दौरान पुलिसकर्मी सड़क पर जाम को नियंत्रित करने में जुटे रहे। पेड़ के गिरने से स्थानीय लोगों में भी मायूसी देखी गई। ग्रामीणों के अनुसार मंदिर परिसर में लगा यह विशाल नीम का पेड़ करीब 100 वर्ष पुराना था। स्थानीय महिलाओं की इससे विशेष आस्था जुड़ी थी और वे इसे शीतला माता के स्वरूप में पूजती थीं।
आस्था से जुड़े इस पुराने पेड़ के धराशायी होने से महिलाओं और स्थानीय लोगों में काफी मायूसी रही।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment