

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। साइबर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को चिन्हित किया है। जांच में आरोपी के खिलाफ 40 से अधिक साइबर शिकायतें सामने आई हैं, जबकि 50 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान राम सिंह यादव पुत्र शिवगरुण यादव, निवासी सरायममरेज, प्रयागराज के रूप में हुई है। आरोपी खुद को BSA अधिकारी बताकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। इसके बाद फर्जी ई-मेल भेजकर लोगों से पैसे वसूलता था।
जांच में आरोपी के खिलाफ कुल छह मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को यह भी पता चला है कि साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए कुछ CSC संचालकों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि साइबर ठगी से जुड़े मामलों में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच कर रही है।