

कारपेट एक्सपो मार्ट में प्रदीप कार्पेट्स इंटरनेशनल के स्टॉल पर पहुंचे योगी, पार्थ ने चरण स्पर्श कर लिया आशीर्वाद

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कारपेट सिटी स्थित कारपेट एक्सपो मार्ट में 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। इस दौरान वह खमरिया, भदोही स्थित प्रदीप कार्पेट्स इंटरनेशनल के स्टॉल पर पहुंचे। यहां कालीन निर्यातक एवं युवा कारोबारी पार्थ मिश्रा ने कालीन पर उकेरी गई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर उन्हें भेंट की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवा निर्यातक पार्थ मिश्रा से आत्मीयता से मुलाकात की। पार्थ ने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने भी स्नेहपूर्वक पार्थ के गाल पर हाथ रखकर उन्हें दुलार किया। यह आत्मीय क्षण स्टॉल पर मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा।
महज 20 वर्षीय पार्थ मिश्रा वर्तमान में बीबीए की पढ़ाई कर रहे हैं और पढ़ाई के साथ अपने परिवार के पुश्तैनी कालीन कारोबार में सहयोग कर रहे हैं। पार्थ के पिता प्रशांत मिश्रा हैं, जबकि उनके दादा राजेंद्र मिश्रा ‘बाबा’ सीईपीसी के पूर्व प्रशासनिक सदस्य रहे,परिवार के लंबे समय से चले आ रहे कालीन व्यवसाय से जुड़े हैं।
पार्थ ने बताया कि परिवार की पारंपरिक कालीन कला से जुड़कर कारोबार की बारीकियां सीखने के साथ वह आधुनिक व्यावसायिक शिक्षा भी हासिल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात और उन्हें कालीन पर बनी उनकी तस्वीर भेंट करना उनके लिए यादगार क्षण रहा।