
उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के श्रीनगर मोहल्ले में रामधाम मार्केट के पास मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। आबादी के बीच मगरमच्छ निकलने की खबर से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, मगरमच्छ मोहल्ले में घूमता हुआ झाड़ियों में जाकर छिप गया। इस दौरान मगरमच्छ की मौजूदगी सीसीटीवी कैमरे के साथ ही लोगों के मोबाइल कैमरों में भी कैद हो गई। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों से मगरमच्छ के दिखाई देने के संबंध में जानकारी जुटाई।
आबादी वाले इलाके में मगरमच्छ मिलने से लोगों में भय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
मामला गंगाघाट थाना क्षेत्र के श्रीनगर मोहल्ले में रामधाम मार्केट के पास का है।