Editor

जिला अस्पताल में 10 वर्षीय बच्चे की मौत से मचा हड़कंप,

Hamari sevaye

परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

VK Finance

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। ज्ञानपुर स्थित महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल में शनिवार को इलाज के दौरान 10 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार ज्ञानपुर क्षेत्र के लक्ष्मणपट्टी निवासी आशीष कुमार गौतम (10) को बुखार की शिकायत थी। परिजन उसे उपचार के लिए महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ओपीडी में ही अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल इमरजेंसी में ले जाया गया।
परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ मिनट बाद बच्चे ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि बच्चे की हालत गंभीर थी। उसकी जान बचाने के लिए सीपीआर सहित आवश्यक प्रयास किए गए, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment