Editor

एयर शो के लिए काशी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी, रविवार को आएंगे पीएम मोदी

Hamari sevaye

नमो घाट पर होगा एयर शो का अंतिम प्रदर्शन, राफेल-सुखोई समेत कई लड़ाकू विमान दिखाएंगे शौर्य; सुरक्षा में 11,900 पुलिसकर्मी तैनात

VK Finance

वाराणसी। काशी में आयोजित तीन दिवसीय भारतीय वायुसेना के एयर शो के अंतिम प्रदर्शन से पहले शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। रविवार, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी काशी आएंगे और नमो घाट पर आयोजित एयर शो में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार शाम 4:55 बजे सेना के विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम 5:10 बजे हेलीकॉप्टर से संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर पहुंचे। दोनों नेताओं का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों ने स्वागत किया। रक्षा मंत्री के रात्रि विश्राम की व्यवस्था 39 गोरखा ट्रेनिंग सेंटर में की गई है, जबकि मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रुकेंगे।

मंदिरों में दर्शन करेंगे राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अपने वाराणसी प्रवास के दौरान संकट मोचन मंदिर और काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन और वीवीआईपी आवागमन की तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। प्रशासन को एयर शो देखने आने वाले लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आसमान में दिखेगा लड़ाकू विमानों का अद्भुत तालमेल

वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में रविवार को रोमांचक हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। सुखोई-30, राफेल, जगुआर, मिराज-2000, एलसीए और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन के साथ सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएंगी। थल सेना और नौसेना के हेलीकॉप्टर भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

पीएम मोदी करेंगे औद्योगिक इकाई का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार दोपहर करीब एक बजे नमो घाट पहुंचेंगे। इसके अलावा वह अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन भी करेंगे। इस इकाई से वस्त्र उद्योग को बढ़ावा मिलने और विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

एयर शो के मद्देनजर एटीएस की तीन टीमों सहित करीब 11,900 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रविवार को होने वाले अंतिम प्रदर्शन के साथ ही तीन दिवसीय एयर शो का समापन हो जाएगा।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment