आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल के नेतृत्व में चौकाघाट स्थित नगरीय विद्युत वितरण उपखंड द्वितीय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर स्मार्ट मीटर योजना पर गंभीर सवाल उठाए गए और इसे तत्काल रोकने की मांग की गई। साथ ही पूरी परियोजना की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग रखी गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिला विद्युत उपकेंद्रों पर स्मार्ट मीटर की प्रतीकात्मक तस्वीरें जलाकर विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उनका कहना था कि लाखों उपभोक्ता मनमाने बिजली बिल, गलत रीडिंग, बढ़ी हुई दरों और तकनीकी खामियों से परेशान हैं, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रीडिंग की सटीकता और बिलिंग प्रणाली पूरी तरह संदिग्ध नजर आ रही है। इससे यह आशंका उत्पन्न होती है कि यह व्यवस्था पारदर्शिता के बजाय उपभोक्ताओं के शोषण का माध्यम बन गई है।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता मुकेश सिंह, घनश्याम पांडेय, मनीष गुप्ता, रेखा जायसवाल, शारदा टंडन, डॉ. अहिल्या, मोहिनी महेंद्र, विनोद राठौड़, अर्चना श्रीवास्तव, सतीश पटेल, विनोद कुमार कुशवाहा, कन्हैयालाल मिश्र और जय किशन पटेल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।