Editor

महंगाई, बिजली और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर किसान सभा का प्रदर्शन

Hamari sevaye

तहसील परिसर में धरना देकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा सात सूत्रीय ज्ञापन

VK Finance

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

भदोही। महंगाई, बिजली, स्वास्थ्य व्यवस्था और भूमि अधिग्रहण समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश किसान सभा जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भदोही तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंद्रदेव पाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों के साथ गैस, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों से आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने महंगाई पर रोक लगाने और बिजली की दरें कम करने की मांग की। साथ ही फर्जी तरीके से लोड बढ़ाने और अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि जिले में छुट्टा पशुओं, सुअर, साही और नीलगाय के कारण किसानों को फसलों के नुकसान के साथ जान का खतरा भी बना हुआ है। सरकार को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। स्वास्थ्य व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि वायरल बुखार, डायरिया, खून की कमी और लीवर संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारों के चलते मरीजों को परेशानी हो रही है, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाए।
भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर उन्होंने वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून का पालन कराने की मांग की। कहा कि एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक गलियारे के नाम पर समधा ताल, बोझ, गोड़ामीर, इमाम अली, जोल्हापुर और धनापुर समेत अन्य गांवों के किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा न किया जाए तथा राजस्व अभिलेखों में किसानों का नाम दर्ज रखा जाए।
किसान सभा ने बारिश से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कराने और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया सरल करने की भी मांग की।
धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमृतलाल मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री ज्ञानप्रकाश प्रजापति ने किया। इस दौरान भानसिंह मौर्य, जगन्नाथ मौर्य, रामचंद्र पटेल, राधेश्याम मौर्य, घनश्याम गौतम, प्रेम बहादुर, चिंतामणि, रामनारायण और अशोक गौतम समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment