

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही। यूजीसी से जुड़े प्रावधानों को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और सवर्ण आयोग के गठन की मांग को लेकर सोमवार को भदोही में विभिन्न सवर्ण संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज तिराहे से भदोही तहसील तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान लोगों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सवर्ण समाज की मांगों पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रावधानों का विरोध करते हुए उन्हें वापस लेने की मांग की। साथ ही आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा और सवर्ण आयोग के गठन की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया तो इसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के आरक्षण से जुड़े बयानों पर भी नाराजगी जताई।
राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अम्बरीष तिवारी को प्रदर्शन से पहले रविवार रात हाउस अरेस्ट किए जाने का संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया। पदाधिकारियों का दावा है कि पुलिस ने कुछ युवकों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने का प्रयास भी किया। हालांकि, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के भदोही आगमन पर आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन के आयोजकों की ओर से भी उन्हें प्रदर्शन से दूर रखने का प्रयास किया गया।
सवर्ण संगठनों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द विचार कर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।