

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही, जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अधूरे और शुरू नहीं हुए कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में वंदन योजना, आदर्श नगर योजना, राज्य सेक्टर, पेयजल योजना, राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि नगर पालिका और नगर पंचायतों में जो कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल शुरू कराया जाए। जिन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, उसे भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में देरी न हो।
उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने पर जोर दिया। अधिकारियों को नियमित निगरानी और मौके पर जाकर कार्यों की जांच करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने पूरी हो चुकी परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच कराने के लिए क्षेत्रवार गठित टीम से स्थलीय सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार ही होने चाहिए। गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर उन्हें जल्द पूरा कराने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) शुभांगी शुक्ला, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।