
विजयीपुर ब्लॉक के बूथ संख्या-159 पर कहासुनी के बाद हाथापाई, सपा ने लगाया फर्जी मतदान का आरोप; डीएम निधि गुप्ता वत्स ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एमएलसी चुनाव के दौरान खागा तहसील के विजयीपुर विकासखंड स्थित बूथ संख्या-159 पर समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं समर्थकों के बीच विवाद हो गया। मतदान के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। घटना के बाद मतदान केंद्र पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, विवाद सपा नेता नरेश कोरी और विजयीपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता आदित्य त्रिवेंद्र तथा उनके समर्थकों के बीच हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।
सपा ने लगाया फर्जी मतदान का आरोप
घटना के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग किए जाने का आरोप लगाया गया। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
बूथ संख्या-159 पर विवाद और शिकायत की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी फतेहपुर निधि गुप्ता वत्स ने तत्काल संज्ञान लिया। वह संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचीं और वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायत का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस संबंध में जिलाधिकारी ने अपनी बाइट के माध्यम से प्रशासन की कार्रवाई और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
फिलहाल, मतदान केंद्र पर हुए विवाद और फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर चर्चाएं जारी हैं। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने और शिकायतों के नियमानुसार निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।
द वॉयस इंडिया न्यूज़ | फतेहपुर