
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता भदोही

औराई। औराई थाना क्षेत्र के जरामपुर स्थित बुआ जी इनारा के पास रविवार को नेशनल हाईवे पार करते समय एक बुजुर्ग अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में त्रिलोकपुर निवासी करीब 60 वर्षीय अरुण कुमार तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, अरुण कुमार तिवारी पैदल नेशनल हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर से प्रयागराज की तरफ जा रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायल को औराई ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ ही फरार वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।