Editor

नवसृष्टि-2026 में उत्कृष्ट कालीनों को मिला सम्माननए डिजाइन, तकनीकी प्रयोग और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा

Hamari sevaye

सस्टेनेबिलिटी श्रेणी में आईआईसीटी भदोही प्रथम

VK Finance

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही

भदोही। कारपेट एक्सपो मार्ट में चल रहे 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो के दौरान कालीन उद्योग में नए डिजाइन, तकनीकी प्रयोग और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘नवसृष्टि-2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कालीन निर्माताओं और संस्थानों को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सीईपीसी के चेयरमैन कैप्टेन मुकेश गोम्बर, आईआईसीटी के निदेशक राजीव कुमार और सीईपीसी के प्रशासनिक सदस्य पीयूष बरनवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता का आयोजन वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के प्रायोजन तथा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कार्पेट टेक्नोलॉजी (आईआईसीटी), भदोही और कार्पेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के सहयोग से किया गया।

नवीनता में जोहो फ्लोर कवरिंग्स प्रथम

प्रतियोगिता में कालीनों का मूल्यांकन नवीनता, आकर्षक डिजाइन, तकनीकी प्रयोग और पर्यावरणीय स्थिरता जैसे मानकों के आधार पर किया गया। नवीनता (नावेल्टी) श्रेणी में मेसर्स जोहो फ्लोर कवरिंग्स को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं इनोवेटिव डिजाइन श्रेणी में मेसर्स गैलरी और मेसर्स कबीर एक्सपोर्ट्स को संयुक्त रूप से प्रथम पुरस्कार दिया गया। दोनों संस्थानों के उत्पादों में नए डिजाइन और रचनात्मक प्रयोग को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

सस्टेनेबिलिटी में आईआईसीटी को पहला स्थान

पर्यावरणीय स्थिरता यानी सस्टेनेबिलिटी श्रेणी में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कार्पेट टेक्नोलॉजी (आईआईसीटी), भदोही को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा ‘बेस्ट कार्पेट ऑफ द ईयर-2026’ का पुरस्कार ओएसी रग्स कार्पेट्स को प्रदान किया गया।

कालीन उद्योग में उल्लेखनीय योगदान के लिए रोहित गुप्ता, संजय कुमार गुप्ता और शेख आशिक अहमद को भी सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

नए प्रयोग के लिए प्रेरित होंगे निर्यातक

आयोजकों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खरीदार अब पारंपरिक कारीगरी के साथ-साथ नए डिजाइन, बेहतर गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

ऐसे में ‘नवसृष्टि-2026’ जैसी प्रतियोगिताएं कालीन निर्माताओं और निर्यातकों को नए प्रयोग और बेहतर उत्पाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

कार्यक्रम के संयोजन में प्रो. सनत कुमार पाल, डॉ. बेदी प्रकाश गुप्ता, डॉ. हिमांशु महापात्रा, डॉ. अतानु मन्ना और दर्पण सिंह की भूमिका रही। कार्यक्रम में कालीन निर्यातक, उद्योग विशेषज्ञ, तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment