

वाराणसीः पतित पावनी मां गंगा में नानवेज पार्टी और शराब पीने के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपितों को कोर्ट से राहत मिल गई। कार्यपालक मजिस्ट्रेट/सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय की अदालत ने सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी, रामनगर, वाराणसी के अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद, बंधा रोड, सूजाबाद, रामनगर निवासी राहुल साहनी को 20-20 हजार रुपए की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास सिंह ने पक्ष रखा।
प्रकरण के अनुसार पतित पावनी मां गंगा में नानवेज पार्टी और शराब पीने का वीडियो बीते सोमवार देर शाम इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद श्रद्धालु नाराज हो उठे। पुलिस की सर्विलांस टीम ने वीडियो देखा तो आनन-फानन में पांच आरोपितों की पहचान कर सभी पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। नाव को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। सहायक पुलिस आयुक्त डा. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो जांच में मान मंदिर घाट पर वना वीडियो छह माह पुराना निकला। वीडियो में दिख रहे लोग सूजाबाद पड़ाव, थाना रामनगर निवासी दीपक कुमार, नाव चालक अजय साहनी, डोमरी, रामनगर, वाराणसी के अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद, बंधा रोड, सूजाबाद, रामनगर निवासी राहुल साहनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बतादें कि बीते 16 मार्च को गंगा में इसी तरह का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। कोतवाली पुलिस ने दूसरे ही दिन 17 मार्च को 14 मुस्लिम युक्कों को गिरफ्तार किया था। उस मामले में आरोपितों को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।
