
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घमहापुर गांव में हुए चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर बुधवार को पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। करणी सेना समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कैंडल मार्च निकालने के आह्वान के बाद जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया। किसी भी अप्रिय घटना या कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान एडीसीपी नृपेन्द्र, एसीपी अंजनी राय, एसीपी विजय सिंह और एसीपी अजय श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
प्रशासन ने फूलपुर के अलावा सिगरा, चेतगंज, आदमपुर, लालपुर और बड़ागांव थाना क्षेत्रों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया है। विभिन्न चौकियों के प्रभारी और पुलिसकर्मियों को गांव के प्रमुख स्थानों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम के चलते प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।