

सेवा संकल्प अभियान के तहत ज्ञानपुर में लगी प्रदर्शनी, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया अवलोकन

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही,सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और जनभागीदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विभूति नारायण इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर में विकास प्रदर्शनी लगाई गई। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, औराई विधायक दीनानाथ भास्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार और मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को होर्डिंग एवं अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, आवास, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी गई।
प्रदर्शनी में महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इसमें वन स्टॉप सेंटर से 2.39 लाख महिलाओं के लाभान्वित होने, 181 महिला हेल्पलाइन के माध्यम से 8.42 लाख महिलाओं को सहायता मिलने, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से 28.35 लाख से अधिक बेटियों को लाभ मिलने तथा निराश्रित महिला पेंशन के 41.42 लाख से अधिक लाभार्थियों की जानकारी दी गई।
कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3.12 करोड़ किसानों को लाभ और 1,03,447 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में भेजे जाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 3.53 करोड़ किसानों को 6,120 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति तथा पीएम कुसुम योजना के तहत 91 हजार से अधिक सोलर पंपों की स्थापना की जानकारी प्रदर्शित की गई।
इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं, विद्युत सखियों, बीसी सखियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), चीनी मिलों और कृषि क्षेत्र में ड्रोन के उपयोग से संबंधित उपलब्धियों को भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को सरकार की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देना है, ताकि पात्र लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने जनभागीदारी को विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
जनप्रतिनिधियों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शित सामग्री को देखा तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं से जुड़ने और विकास कार्यों में भागीदारी का संदेश दिया गया।