बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक ने पहले छात्रा से दोस्ती की और फिर उसकी आपत्तिजनक तस्वीर हासिल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपी ने तस्वीर वायरल करने की धमकी देते हुए छात्रा से 5 लाख रुपये की मांग की।

मामला तब और ज्यादा गंभीर हो गया जब आरोपी ने छात्रा की मां की फेसबुक आईडी हैक कर ली और उसी आईडी से छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इस घटना से पीड़ित परिवार दहशत में है और लगातार मानसिक दबाव झेल रहा है।
पीड़िता की मां की शिकायत पर अहियापुर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में कोल्हुआ शिव मंदिर के पास रहने वाले रौनक कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से छात्रा और उसके परिवार को फोन कर धमकी दे रहा था और पैसों की मांग कर रहा था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।