झांसी से बांदा की ओर जा रही एक मालगाड़ी शनिवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण अचानक दो हिस्सों में बंट गई, जिससे कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना सुबह करीब 11 बजे रानीपुर रेलवे स्टेशन पार करने के बाद हुई, जब चलती ट्रेन की कपलिंग, जिसे आम बोलचाल में “चिड़िया” कहा जाता है, टूट गई।

कपलिंग टूटते ही मालगाड़ी के डिब्बे दो हिस्सों में अलग हो गए और ट्रेन ट्रैक पर ही रुक गई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही, जिससे उस रूट पर रेल संचालन प्रभावित रहा। घटना का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों हिस्सों को जोड़ने का काम शुरू किया। कर्मचारियों ने तकनीकी प्रयासों से ट्रेन को दोबारा जोड़ा और उसे मऊरानीपुर रेलवे स्टेशन तक लाया गया, जहां आवश्यक मरम्मत की गई।
मऊरानीपुर स्टेशन मास्टर जयसिंह राजावत के अनुसार, तकनीकी जांच के बाद मालगाड़ी को सुरक्षित रूप से उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।