

The VOICE INDIA News-kolkata

हावड़ा के बाली इलाके में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कथित 290 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय अनियमितता मामले की जांच के सिलसिले में ईडी की टीम कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही है।
बाली के के.पी. कुमार स्ट्रीट स्थित एक बहुमंजिला आवास की तीसरी मंजिल पर अग्रवाल परिवार के फ्लैट में ईडी के अधिकारी तलाशी ले रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोलकाता और हावड़ा समेत पश्चिम बंगाल में करीब 11 स्थानों पर ईडी की कार्रवाई चल रही है। इसके अलावा झारखंड के कई ठिकानों पर भी जांच एजेंसी की टीमें पहुंची हैं।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मामला झारखंड में 66 मेगावाट क्षमता के बिजली संयंत्र की स्थापना के लिए लिए गए बड़े बैंक ऋण से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि ऋण की रकम का एक हिस्सा अलग-अलग कंपनियों के खातों में ट्रांसफर किया गया और वित्तीय अनियमितताएं की गईं।
ईडी की टीम संबंधित कंपनी के निदेशकों और अधिकारियों से जुड़े ठिकानों पर दस्तावेज, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। मामले में आगे क्या खुलासा होता है और क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री जांच के दायरे में आती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।