

कोलकाता। न्यू मार्केट इलाके की फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि करीब दो बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक बच्चे समेत नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास स्थित होटल में लगी। शुरुआती जानकारी में बताया गया कि होटल से सबसे पहले धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग होटल के बाहर निकलने वाले रास्ते के आसपास फैल गई।
आधी रात के समय आग लगने के कारण होटल में ठहरे कई लोगों को घटना की जानकारी समय पर नहीं हो सकी। धुआं भरने से कई लोग कमरों के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद होटल में फंसे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में नौ लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।
रिपोर्टों के मुताबिक, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए हुए थे। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।