
राजातालाब।आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के कचनार राजातालाब स्थित श्रद्धा इंटरमीडिएट कॉलेज प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में जिले की टॉप-10 सूची में स्थान बनाने वाली व जिले में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अंशिका यादव और दसवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दीक्षा पाल को साइकिल स्मृति चिन्ह एवं मेडल के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इसके अलावा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में संस्थान स्तर पर प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उत्साहवर्धन व सम्मानित किया।मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने इन सभी मेधावी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों ने जिले की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाकर अपने विद्यालय तथा परिवार वालों के साथ-साथ पूरे राजातालाब क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा है। शिक्षा ही विकास की असली कुंजी है।विद्यालय के प्रबंधक भृगुनाथ सिंह, प्रबंध निदेशक राजकुमार पटेल एवं प्रधानाचार्या आरती यादव ने दोनों टॉपर्स सहित सभी मेधावी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।प्रधानाचार्या ने कहा कि शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता मिली है। सम्मान समारोह में दिनेश मौर्या, नागेन्द्र प्रताप सिंह, भरत विश्वकर्मा, पूर्व पीईएस राजेन्द्र प्रसाद यादव, प्रधान उदय प्रताप, सतीश पटेल, गौरव सिंह, सुशील पटेल आदि लोग उपस्थित रहे।
