
गरीब, किसान, महिला और युवा सशक्तिकरण के संकल्प ने बदली देश की तस्वीर

नियत, नीति और निर्णायक नेतृत्व के 12 वर्ष; भारत बना विकास और विश्वास का वैश्विक केंद्र
जनकल्याण से आत्मनिर्भर भारत तक, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व उपलब्धियों का दशक
12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का नया अध्याय लिखने में सफल रही मोदी सरकार : सुरेश कुमार खन्ना
लखनऊ, 16 जून।
उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस में मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की एक नई कार्य संस्कृति को देखा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
श्री खन्ना ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 4.28 करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के परिणामस्वरूप माध्यमिक विद्यालयों में बालिकाओं के नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और उत्तर प्रदेश में 2.85 करोड़ से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जागरूक किया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत देश में 4.50 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं, जबकि प्रदेश में 26.81 लाख से अधिक बेटियां इससे लाभान्वित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत देश के 78.41 करोड़ बीमित किसानों को 1.83 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। 25 करोड़ से अधिक मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए हैं तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत लाखों किसानों को सुलभ ऋण उपलब्ध कराया गया है।
श्री खन्ना ने कहा कि गरीब कल्याण मोदी सरकार की पहचान बन चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देश में 5.37 करोड़ से अधिक आवास स्वीकृत किए गए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 62 लाख परिवारों को इसका लाभ मिला है। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश में 45 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्राप्त हुआ है तथा उत्तर प्रदेश में 5.59 करोड़ नागरिक इससे लाभान्वित हुए हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81.35 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिनमें उत्तर प्रदेश के 3.63 करोड़ राशन कार्ड धारक परिवार शामिल हैं।
युवाओं के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत देश में 2 करोड़ से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के करोड़ों युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। स्टार्टअप इंडिया और स्टैंडअप इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का कार्य किया है। उत्तर प्रदेश में 21 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं। 2017 में प्रदेश में जहां बेरोजगारी दर 6% थी, वही 2025 में यह घटकर 3.1 प्रतिशत रह गई है।
श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का आधारभूत ढांचा अभूतपूर्व गति से विकसित हुआ है। वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जो आज बढ़कर 160 से अधिक हो चुके हैं। वर्ष 2014 में लगभग 1,000 किलोमीटर एक्सप्रेसवे थे, जो अब 6,700 किलोमीटर से अधिक हो गए हैं। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 25 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ से अधिक हो गई है। डिजिटल इंडिया अभियान ने पारदर्शिता, सुगमता और जवाबदेही को नई दिशा दी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में पूर्वांचल, बुंदेलखंड, आगरा-लखनऊ और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे जैसे परियोजनाओं ने विकास को नई गति दी है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रदेश के 10 शहरों में 682 परियोजनाएं संचालित की गईं, जिनमें से 676 पूर्ण हो चुकी हैं। डिफेंस कॉरिडोर, डेटा सेंटर पार्क, मेट्रो रेल परियोजनाएं तथा गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रकल्प उत्तर प्रदेश को देश की विकास यात्रा का अग्रणी राज्य बना रहे हैं।
श्री खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास, सहभागिता और संकल्प की कहानी है। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र पर चलते हुए देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।