Editor

नगर आयुक्त सड़क पर उतरे, नाला सफाई में लापरवाही पर दिया अल्टीमेटम

वाराणसी। मानसून से पहले शहर को जलजमाव से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने पांडेपुर पुलिस चौकी से पंचकोशी सारंग तालाब तक चल रहे नाला सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

VK Finance

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नाले से निकाली गई सिल्ट सड़क किनारे पड़ी मिली, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि नालों से निकाली गई गंदगी हर हाल में 24 घंटे के भीतर हटाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या सफाई व्यवस्था में ढिलाई मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।

नगर आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी जोर देते हुए खुले नालों को तत्काल ढकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है, ताकि नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजकुमार चौधरी तथा अधिशासी अभियंता (सिविल) सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment