

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डे पर गुरुवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक हादसे में 32 वर्षीय नेहा सिंह की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह दो खड़ी रोडवेज बसों के बीच से निकलने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान कन्नौज डिपो और हरदोई डिपो की दोनों बसों के चालकों ने अचानक अपनी-अपनी बसें आगे बढ़ा दीं, जिससे नेहा सिंह का सिर दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच बुरी तरह फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर दोनों चालकों ने बसें रोकीं और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका नेहा सिंह कोतवाली देहात क्षेत्र के खेतुई गांव की निवासी थीं और एक निजी दवा कंपनी में कार्यरत थीं। बताया जा रहा है कि वह बस का इंतजार करने के बाद आगे बढ़ रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। करीब 10 वर्ष पहले नेहा सिंह के पति की भी एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे के बाद उनके दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।
घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस दोनों बस चालकों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।