

कोलकाता। शहर में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और पुलिस पेट्रोलिंग को और मजबूत बनाने के लिए कोलकाता पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। लालबाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल्स के नए बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस मौके पर परिवहन मंत्री श्री अर्जुन सिंह, कोलकाता पुलिस के पुलिस आयुक्त श्री अजय नंद, IPS, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कोलकाता पुलिस ने Honda India Foundation के सहयोग से इस पहल के तहत 50 अत्याधुनिक मोटरसाइकिलों और एक आधुनिक पेट्रोलिंग वाहन को अपने बेड़े में शामिल किया है। इन वाहनों का इस्तेमाल शहर के विभिन्न इलाकों में आपात स्थिति के दौरान तेजी से मौके पर पहुंचने, पुलिस निगरानी बढ़ाने और प्रभावी पेट्रोलिंग के लिए किया जाएगा।
अत्याधुनिक मोटरसाइकिलों की मदद से पुलिसकर्मी भीड़भाड़ वाले और संकरे इलाकों में भी अपेक्षाकृत तेजी से पहुंच सकेंगे। इससे आपातकालीन कॉल पर रिस्पॉन्स टाइम कम करने और घटनास्थल पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह पहल तेज कार्रवाई, बेहतर निगरानी और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए वाहनों के संचालन से शहर में पुलिस की मौजूदगी और पेट्रोलिंग क्षमता बढ़ेगी।
कोलकाता पुलिस की इस नई पहल से साफ है कि अब आपात स्थिति में पुलिस की पहुंच और तेज होगी, यानी लक्ष्य है एक ही संदेश: “तेज़ रिस्पॉन्स, मजबूत सुरक्षा और सुरक्षित कोलकाता।”