

वाराणसी। मंडुवाडीह स्थित बनारस रेलवे स्टेशन के सामने शुक्रवार को राजनीतिक माहौल गर्मा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्षद रविन्द्र सोनकर, पार्षद राजेश कनौजिया और भाजयुमो जिलामहामंत्री राकेश राजभर ने किया।

सुबह करीब 10:30 बजे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता स्टेशन की सेकेंड एंट्री के सामने एकत्र हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी माफी मांगो”, “अजय राय होश में आओ” और “सनातन का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे लगाए। इसके बाद दोनों नेताओं के प्रतीकात्मक पुतलों को आग के हवाले कर दिया गया। पुतला दहन के चलते कुछ समय के लिए स्टेशन के बाहर धुआं फैल गया और आवागमन भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर आरपीएफ, जीआरपी और मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची। आरपीएफ के दारोगा विवेक कुमार सिंह ने रेलवे परिसर में बिना अनुमति पुतला दहन का विरोध किया, जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और आरपीएफ के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में कार्यकर्ताओं ने सड़क के दूसरी ओर पुतला दहन किया।
प्रदर्शन में रोहनिया मंडल अध्यक्ष प्रदीप प्रजापति समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।