
दिल्ली में आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के एक दिन बाद सांसद Raghav Chadha ने शुक्रवार सुबह अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो संदेश जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें खामोश तो कराया जा सकता है, लेकिन वे हारे नहीं हैं।

अपने संदेश में राघव चड्ढा ने कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का मौका मिलता है, वे हमेशा जनता से जुड़े मुद्दे उठाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या आम लोगों की समस्याओं पर बात करना कोई अपराध है? क्या उन्होंने कोई गलती की है कि पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को उन्हें बोलने का मौका न देने की सूचना दी है।
राघव ने बताया कि उन्होंने संसद में कई जनहित के मुद्दे उठाए, जिनमें एयरपोर्ट पर महंगा खाना, डिलीवरी राइडर्स की समस्याएं, टोल प्लाजा पर वसूली, बैंक चार्जेस, कंटेंट क्रिएटर्स पर टैक्स का बोझ और टेलीकॉम कंपनियों की रिचार्ज नीतियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से आम आदमी पार्टी को फायदा ही हुआ है, फिर भी उन्हें बोलने से रोका जा रहा है। अंत में उन्होंने जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका समर्थन ही उनकी ताकत है और उनकी खामोशी को हार समझने की गलती न की जाए।