
वाराणसी। मानसून के दौरान सुरक्षित और निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे ने बनारस-ज्ञानपुर रोड-प्रयागराज रामबाग रेलखंड पर व्यापक सेफ्टी ऑडिट अभियान चलाया। प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी नीरज गुप्ता ने मुख्यालय गोरखपुर से आई अंतरमंडलीय टीम के साथ पूरे रेलखंड का गहन निरीक्षण कर संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान समपार फाटक, पुल-पुलिया, लिमिटेड हाइट सब-वे, ट्रैक, हाइट गेज, सड़क स्तर, बूम लॉकिंग सिस्टम, चेतावनी संकेतक, सोलर लाइट और गेटमैन केबिन की बारीकी से जांच की गई। गेटमैन की कार्यकुशलता और उनके पीरियाडिकल मेडिकल एग्जामिनेशन (PME) रिकॉर्ड भी परखे गए।
ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर वीडीयू पैनल, पॉइंट एवं क्रॉसिंग, स्विच एक्सपेंशन जॉइंट, स्टेशन यार्ड, समपार फाटक और लॉन्ग वेल्डेड रेल सहित कई महत्वपूर्ण संरक्षा परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया गया। इंजीनियरिंग, सिग्नल और परिचालन विभाग के कर्मचारियों की दक्षता, सक्षमता प्रमाणपत्र और मेडिकल रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई।
इसके बाद टीम ने ज्ञानपुर रोड-भीटी के बीच स्थित समपार फाटकों, हंडिया खास ट्रैक्शन सब स्टेशन तथा रामनाथपुर-झूंसी रेलखंड में विस्तारित कर्व पर ट्रैक, ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम और रेल पथ की स्थिति का परीक्षण किया।
प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर बर्थिंग ट्रैक, पॉइंट मशीन, सिग्नलिंग सिस्टम, फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म क्लियरेंस, अग्निशमन व्यवस्था, रिले रूम और फेल-सेफ सिस्टम का विस्तृत निरीक्षण किया गया। ट्रैक फिटिंग्स और ट्रैक्शन लाइन की भी जांच कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ऑडिट टीम ने ट्रैकमैन और अन्य कर्मचारियों के प्रशिक्षण, संरक्षा संबंधी जागरूकता तथा ज्ञान की समीक्षा की। वहीं प्रयागराज रामबाग स्थित डीजल लॉबी और रनिंग रूम का निरीक्षण कर लोको पायलट और गार्डों को मिलने वाली सुविधाओं, विश्राम व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। टीम ने स्वयं भोजन का स्वाद लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के अंत में टीम ने प्रयागराज रामबाग से बनारस तक डाउन लाइन पर विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर पूरे रेलखंड की संरक्षा और परिचालन व्यवस्था का मूल्यांकन किया तथा भविष्य में और अधिक सुरक्षित रेल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।