

डीएम-एसपी ने सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं परखीं, अधूरे काम जल्द पूरा करने के निर्देश

संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। 50वें स्वर्ण जयंती इंडिया कार्पेट एक्सपो-2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने कार्पेट एक्सपो मार्ट, कार्पेट सिटी का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 4 अक्टूबर को प्रस्तावित दौरे को देखते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग, बिजली, सफाई, अग्निशमन, प्रवेश-निकास और अतिथि सुविधाओं को देखा गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को लंबित कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर यातायात और लोगों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और कार्पेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (सीईपीसी) के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें एक्सपो की तैयारियों और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
इस मौके पर सीईपीसी उपाध्यक्ष असलम महबूब, रोहित गुप्ता, इम्तियाज, पीयूष बरनवाल, प्रशासनिक समिति के सदस्य एवं आईआईसीटी निदेशक प्रो. डॉ. राजीव कुमार वार्ष्णेय समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
4 से 7 अक्टूबर तक होगा आयोजन
50वां इंडिया कार्पेट एक्सपो 4 से 7 अक्टूबर 2026 तक कार्पेट एक्सपो मार्ट में प्रस्तावित है। स्वर्ण जयंती वर्ष के इस आयोजन को लेकर कालीन कारोबारियों और निर्यातकों में उत्साह है।