

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर के तत्वावधान में रविवार को महानगर क्षेत्र के सभी 13 मंडलों में सायं 6 बजे से आत्मनिर्भर मंडल बैठकों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बागेश्वरी मंडल की बैठक भाजपा महानगर कार्यालय, गुलाब बाग में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व महानगर महामंत्री चंद्रशेखर उपाध्याय ने “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक मंडल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। साथ ही बूथ समितियों की नियमित बैठकें, शक्ति केंद्रों पर संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन तथा पन्ना प्रमुखों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने बूथ पालकों की भूमिका को भी संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया।
चंद्रशेखर उपाध्याय ने बताया कि 11 जून को प्रदेश स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 13 और 14 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम होंगे, जिनमें प्रभारी मंत्री, सांसद, महापौर, विधायक एवं जिला अध्यक्ष शामिल होंगे।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा करने तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर ने सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
बैठक में प्रमुख रूप से पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता, अमित मौर्य, राजेंद्र यादव, सत्यप्रकाश जायसवाल, मनोज कुमार विश्वकर्मा, आशीष कृष्ण अग्रहरी, विभूति नारायण मौर्या, संजीव कुमार जायसवाल, शिवनाथ गुप्ता, प्रेमचंद मौर्या, अश्वनी गुप्ता, कमलावती देवी, कांति दीक्षित, वंदना श्रीवास्तव, सरस्वती मिश्रा एवं मोनिका पाण्डेय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।