

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम अपने संदेश में युवाओं से आह्वान किया कि वे कम से कम एक कौशल अवश्य सीखें और उत्तर प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला उत्तर प्रदेश कौशल विकास के माध्यम से न केवल विकसित प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, बल्कि एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने का मार्ग भी प्रशस्त कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पारंपरिक कौशल और आधुनिक तकनीक के बीच समन्वय स्थापित करते हुए उत्तर प्रदेश को “कौशल प्रदेश” के रूप में विकसित किया है। आज प्रदेश आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कौशल को आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और समृद्धि का आधार मानते हुए स्वयं को दक्ष बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “कौशल ही आत्मनिर्भरता का आधार, स्वाभिमान का संबल और विकसित उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है।”