

संवाददाता प्रिंस गुप्ता भदोही

भदोही विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भदोही में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी में 392 भदोही विधानसभा सीट से टिकट को लेकर दावेदारी सामने आई है। मंगलवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विकास यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर टिकट के लिए अपना आवेदन दिया।
विकास यादव ने 19 विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भदोही विधानसभा सीट से वर्ष 2027 के चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश की।
दावेदारी के बाद विकास यादव ने कहा कि वह लंबे समय से समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं और संगठन के लिए लगातार काम करते रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति भरोसा जताते हुए पीडीए जिंदाबाद, समाजवादी पार्टी जिंदाबाद और 392 भदोही जिंदाबाद के नारे भी लगाए।
विकास यादव की दावेदारी सामने आने के बाद भदोही विधानसभा सीट पर सपा के टिकट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
वहीं वर्तमान में इस सीट से सपा के विधायक जाहिद बेग हैं। ऐसे में अब पार्टी के सामने पुराने चेहरे और नए दावेदार के बीच चुनावी टिकट को लेकर फैसला करने की चुनौती होगी।
अब सभी की नजरें समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर टिकी हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भदोही से पार्टी किसे अपना उम्मीदवार बनाती है। आने वाले दिनों में इसको लेकर भदोही की राजनीति में और हलचल बढ़ने की उम्मीद है।