Editor

ढाई करोड़ की चोरी का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Hamari sevaye

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में जीएसटी अधिकारी के ससुर के घर हुई करीब ढाई करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात शिवपुर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पीछा कर दबोच लिया गया।

VK Finance

जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र में विभिन्न घटनाओं के खुलासे को लेकर एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह और शिवपुर पुलिस की संयुक्त टीम बैठक कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ अपराधी ऊंदी गांव की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

कुछ समय बाद एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी विशाल के पैर में गोली लग गई। वहीं उसका साथी रोहित मौके से भागने लगा, जिसे एसओजी टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।

घायल विशाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों का नाम हाल ही में शिवपुर क्षेत्र में जीएसटी अधिकारी के ससुर के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी की घटना में सामने आया है। इसी मामले में पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment