वाराणसी। प्रस्तावित प्रधानमंत्री कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने जिलाधिकारी वाराणसी के साथ कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था, वीवीआईपी मार्ग एवं अन्य व्यवस्थाओं का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई।

इस बार कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी केवल महिला पुलिस कर्मियों को सौंपी गई है। ये कर्मी अपनी दक्षता, सतर्कता और अनुशासित कार्यशैली के साथ सुरक्षा प्रबंधन का दायित्व निभाएंगी। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास द्वार, मंच क्षेत्र, वीवीआईपी मूवमेंट जोन और अन्य संवेदनशील स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा स्थापित करने, प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच सुनिश्चित करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और वायरलेस संचार व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई है। विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग जोन तय किए गए हैं और वहां स्पष्ट साइन बोर्ड एवं दिशा सूचक संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वीवीआईपी रूट का बीएलडब्लू से चौकाघाट तक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग और डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
प्रशासन ने आमजन को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया है। अधिकारियों ने सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।