

हावड़ा। टीएमटी सरिया की सप्लाई कराने का झांसा देकर 50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले का हावड़ा सिटी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीम ने पूर्व मेदिनीपुर के पांसकुड़ा थाना पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दक्षिण मेचोग्राम निवासी 25 वर्षीय स्नेहाशीष मन्ना उर्फ नाट्रो के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने ऑनलाइन मिले एक मोबाइल नंबर के जरिए आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को टीएमटी बार का ब्रोकर बताया और कम कीमत पर सरिया उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आए शिकायतकर्ता ने एडवांस भुगतान के नाम पर बताए गए बैंक खाते में 50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रकम मिलने के बाद आरोपी ने न तो टीएमटी बार की सप्लाई की और न ही पैसे वापस किए। इसके बाद शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की और बैंक खातों तथा मोबाइल नंबरों की पड़ताल करते हुए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पांसकुड़ा इलाके में छापेमारी कर स्नेहाशीष मन्ना को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 20 लाख 40 हजार रुपये नकद, 17 डेबिट कार्ड, एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, तीन सीलबंद जियो सिम कार्ड के पैकेट, चार इस्तेमाल किए गए जियो सिम कार्ड और कथित बैंक खाताधारक के हस्ताक्षर वाला मूल एसबीआई चेक बरामद किया गया।
पुलिस ने अदालत के आदेश के बाद कथित लाभार्थी बैंक खाते में मौजूद 25 लाख 98 हजार रुपये भी होल्ड करा दिए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सभी न्यायिक हिरासत में हैं।
हावड़ा सिटी पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में रकम के लेन-देन और डिजिटल सुरागों को ट्रेस कर आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई लगातार जारी है।