

उन्नाव। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों को बातचीत और आपसी समझदारी से सुलझाने की उन्नाव पुलिस की पहल रंग ला रही है। परिवार परामर्श केन्द्र और महिला हेल्पडेस्क की काउंसलिंग के बाद 27 दंपतियों ने अपने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने का फैसला किया।

काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया। समझाइश के बाद दंपतियों ने रिश्ते को एक और मौका देने तथा मिल-जुलकर साथ रहने पर सहमति जताई।
इनमें परिवार परामर्श केन्द्र से 10, महिला थाना से 5, बांगरमऊ, पुरवा, मौरावां, सोहरामऊ और सदर से 2-2 तथा बारासगवर और आसीवन से 1-1 दंपति शामिल रहे।
काउंसलिंग के बाद सभी दंपतियों को आपसी सहमति और साथ रहने के वादे के साथ विदा किया गया। पुलिस की यह पहल केवल विवादों का समाधान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि टूटते परिवारों को जोड़ने और दांपत्य रिश्तों में फिर से विश्वास कायम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास भी है।