

घर से चाय पीने की बात कहकर निकले थे अशफाक, हादसे की सूचना पर परिवार में मचा कोहराम

संवाददाता प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही, 3 सितंबर। उत्तर रेलवे के वाराणसी-जंघई रेलखंड पर गुरुवार दोपहर ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भदोही रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर इंदिरा मिल फ्लाईओवर के पास कार्पेट सिटी के सामने हुआ। मृतक का शव रेलवे ट्रैक पर कई टुकड़ों में मिला।
पुलिस के अनुसार भदोही कोतवाली क्षेत्र के कार्पेट सिटी चौकी अंतर्गत विद्युत पोल संख्या 813/3 के पास दोपहर करीब 12 बजे हादसा हुआ। मृतक की पहचान जल्लापुर नई बस्ती निवासी अशफाक (45) पुत्र इसहाक के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही कार्पेट सिटी चौकी प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। आरपीएफ के अनुसार घटना की सूचना करीब 12 बजे मिली थी। मृतक के पास से मोबाइल फोन और कुछ रुपये भी बरामद हुए हैं।
बताया गया कि लखनऊ से वाराणसी जा रही ट्रेन संख्या 24204 के गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी हुई। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक के बड़े पुत्र इकबाल ने बताया कि उनके पिता की वाराणसी के एक निजी अस्पताल से दिमाग संबंधी बीमारी की दवा चल रही थी और वह नियमित रूप से दवा लेते थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत भी खराब थी। गुरुवार को वह घर से चाय पीने की बात कहकर निकले थे। कुछ देर बाद पुलिस के माध्यम से परिजनों को हादसे की जानकारी मिली।
अशफाक के परिवार में पत्नी रेशमा बानो, तीन पुत्र इकबाल (25), फैसल (30) और शहीद (18) तथा दो पुत्रियां हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।