

वाराणसी- वाराणसी में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार को नमो घाट से एनडीआरएफ की नाव से गंगा और वरुणा नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया।
दोनों अधिकारियों ने आदि केशव घाट, सलारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, ढेलवरिया, सराय मोहना सहित संगम स्थल और विभिन्न निचले इलाकों में जलभराव, आवागमन और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने दनियालपुर स्थित नवोदय विद्यालय और चित्रकूट कान्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज में बने बाढ़ राहत शिविरों का निरीक्षण किया। शिविर में रह रहे लोगों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को सभी सुविधाएं प्राथमिकता पर मिलें, किसी को कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा प्रशासन का पूरा फोकस प्रभावित लोगों की सुरक्षा और त्वरित राहत पर है। सभी अधिकारी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन रोका जाए और राहत कार्य में लगे कर्मियों को पूरा सहयोग दिया जाए।
