

स्कूली बच्चों और मरीजों की आवाजाही प्रभावित, बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा

संवाददाता, प्रिंस गुप्ता।
भदोही। सर्रोई बाजार क्षेत्र में मानिकपुर कजरिया-बोलिया से बिशनपुर को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मार्ग से स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और मरीजों को लेकर एंबुलेंस का भी आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक यह मार्ग लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अंतर्गत आता है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। खासकर स्कूली बच्चों और मरीजों की आवाजाही को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी शैलेष कुमार से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग को सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।