
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव के पास ससुर खदेरी नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर नैतिक गुप्ता की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, नैतिक गुप्ता पुत्र सुशील गुप्ता, मूल रूप से असोथर के निवासी थे और वर्तमान में राधानगर क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार को वह ससुर खदेरी नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नैतिक का शव नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्टर: सूरज कुमार