Editor

पुलिस कमिश्नर के सख्त तेवर, लहरतारा में अतिक्रमण हटाने का अभियान; दुकानदारों में मचा हंगामा

वाराणसी। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। रविवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल के निर्देश पर मंडुवाडीह क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया।
लहरतारा चौकी क्षेत्र में चौकी इंचार्ज राहुल सिंह और उपनिरीक्षक सत्यानन्द यादव ने पुलिस बल के साथ सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से दुकानें लगाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों को हटाया गया और कई के खिलाफ विधिक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस की इस कार्रवाई से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने विरोध जताते हुए हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए अभियान जारी रखा और सड़क को खाली कराया। अधिकारियों का कहना था कि अतिक्रमण की वजह से इस इलाके में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सड़क और फुटपाथ पर कब्जा कर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाएं और यातायात व्यवस्था को प्रभावित न करें, ताकि आम जनता को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।

VK Finance
खबर को शेयर करे

Leave a Comment