समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष 25 अप्रैल को ग़ाज़ियाबाद में किसानों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम करेंगे। इससे पहले 28 मार्च को नोएडा के दादरी में रैली के बाद अब पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के साथ सीधे संवाद की तैयारी कर रही है।

यह कार्यक्रम ‘विजन इंडिया’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अखिलेश यादव किसानों से वन-टू-वन बातचीत करेंगे। सपा की ओर से पश्चिमी यूपी के विभिन्न किसान संगठनों और बड़ी संख्या में किसानों को इस संवाद कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम में किसानों से जुड़े विशेषज्ञ, सफल किसान और कृषि क्षेत्र के जानकार भी भाग लेंगे। इसके साथ ही कुछ कृषि वैज्ञानिकों और कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर काम करने वाले विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है, ताकि खेती में नई तकनीक और संभावनाओं पर चर्चा हो सके।
इस दौरान किसानों की आय, लागत, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और खेती से जुड़ी चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा होगी। खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गन्ना और आलू किसानों की समस्याओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
सपा सूत्रों के अनुसार किसानों के मुद्दों के समाधान के लिए अखिलेश यादव ने एक व्यापक योजना तैयार की है। किसानों से मिले सुझावों के आधार पर समाजवादी पार्टी अपना किसान घोषणापत्र भी तैयार करेगी।