
उन्नाव: पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। जलस्तर बढ़ने से उन्नाव के बीघापुर तहसील क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।

इसी क्रम में बीघापुर तहसील क्षेत्र के जयराजमऊ गांव में करीब 1200 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। राहत वितरण कार्यक्रम में उन्नाव सांसद साक्षी महाराज, विधायक आशुतोष शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज और अपर जिलाधिकारी समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही नदी के जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन ने प्रभावित लोगों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।