

वाराणसी में श्रावण मास के पहले सोमवार से पहले जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने प्रमुख शिवालयों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सभी विभागों को श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम और निर्बाध दर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर गश्त कर तैयारियों की समीक्षा की और कहा कि शिव भक्तों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस बार सावन में अत्याधुनिक हाईटेक कंट्रोल रूम से प्रमुख मंदिरों, घाटों, कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा को और सशक्त बनाने के लिए वाराणसी पुलिस के विशेष जवान कांवड़ियों के भेष में भी तैनात रहेंगे। ये सादे वेश में भीड़ के बीच रहकर अराजक तत्वों, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, अफवाहों से दूर रहने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।