
भगवंतनगर विधानसभा के अजीती खेड़ा विद्यालय पहुंचकर सपा नेताओं ने किया शिक्षक सम्मान समारोह, सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीति का जताया विरोध

उन्नाव। प्रदेश में बंद किए गए सरकारी विद्यालयों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में उन्नाव जिले की भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में सपा कार्यकर्ताओं ने ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान चलाकर बंद पड़े सरकारी स्कूलों का मुद्दा उठाया।
अभियान के तहत सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व एमएलसी सुनील साजन अजीती खेड़ा स्थित विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा।
सुनील साजन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षक और संसाधन उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें बंद किया जा रहा है, जिससे गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी।
सपा नेताओं ने सरकारी स्कूलों को बंद करने की नीति का विरोध करते हुए कहा कि ‘पाठशाला पुकारे’ अभियान के जरिए पार्टी जनता के बीच शिक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने लाएगी।
इस दौरान सपाइयों ने सरकार से बंद विद्यालयों को पुनः संचालित करने, पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने तथा स्कूलों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को मजबूत करना ही बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में जरूरी कदम है।