

चौकाघाट से नमो घाट तक आकर्षक स्तंभ बने आकर्षण का केंद्र

22, 23 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर होगा एयर शो, भारतीय वायु सेना के जवान आसमान में दिखाएंगे अपनी ताकत और कौशल
वाराणसी। भारतीय वायु सेना के एयर शो को लेकर धर्मनगरी काशी को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन और भव्य आयोजन को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, पुलों और पर्यटन स्थलों का सौंदर्यीकरण तेजी से किया जा रहा है। चौकाघाट फ्लाईओवर से नमो घाट तक सड़क किनारे लगाए गए आकर्षक सुनहरे स्तंभ इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रात होते ही ये स्तंभ सुनहरी रोशनी से जगमगा उठते हैं और पूरा मार्ग मनमोहक छटा बिखेरने लगता है।
सड़क किनारे कतारबद्ध स्तंभों की कलात्मक बनावट और रोशनी राहगीरों का ध्यान खींच रही है। वाहनों की आवाजाही के बीच जगमगाते स्तंभ ऐसा दृश्य प्रस्तुत करते हैं, मानो सड़क के दोनों ओर रोशनी की सुनहरी शृंखला सजा दी गई हो। शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने वाली यह सजावट काशी की सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक विकास की झलक पेश कर रही है।गौरतलब है कि 22, 23 और 25 अक्टूबर को नमो घाट पर भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर एरियल डिस्प्ले-2026 का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें वायु सेना के जवान आसमान में अपने कौशल और सामर्थ्य का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर शहर के प्रमुख मार्गों, घाटों, पुलों और भवनों को सजाया-संवारा जा रहा है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब शहरवासियों को आसमान में रोमांचक करतबों के साथ रोशनी से सजी काशी की भव्य छटा देखने का इंतजार है।